
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान भोपाल संभागायुक्त श्री कवींद्र कियावत और कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने बाड़ी जनपद के ग्राम भारकच्छकलां में ग्रामवासियों की समस्याएं सुनी और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री कियावत ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कोरोना महामारी से बचाव के लिए मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा।
संभागायुक्त ने किसानों से चर्चा करते हुए खेती की उन्नत तकनीक अपनाने और जैविक खेती करने के लिए कहा। जिससे कम लागत में अधिक मुनाफा प्राप्त कर सके। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे खेत में संतुलित मात्रा मे खाद का उपयोग करें और अपनी आमदानी बढ़ाने के लिए खेती के साथ-साथ मत्स्य पालन और पशुपालन भी अपनाएं। उन्होंने किसानों से नरवाई जलाने से होने वाले नुकसानों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि नरवाई जलाने से एक ओर जहां वायु प्रदूषण होता है तो वहीं दूसरी ओर मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी कम होती जाती है। किसान उन्नत तकनीक का प्रयोग कर अब नरवाई से खाद बना सकते हैं जिससे फसल उत्पादन में भी वृद्धि होगी। संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के बारे में भी जानकारी ली।
संभागायुक्त ने गांव में किसान पाठशाला आयोजित कर खेती की उन्नत तकनीक, जैविक खेती की विधि और फायदे, खेती के साथ-साथ मत्स्य पालन और पशुपालन के संबंध में जानकारी देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने किसानों के लिए शासन द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री पीसी शर्मा, एसडीएम तथा जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें