Top News

जिले के सभी सीएससी में संचालित होंगे आधार केंद्र - कलेक्टर विदिशा

विदिशा, दिनांक 27 जनवरी 2026





 कलेक्टर  अंशुल गुप्ता ने आज आयोजित टीएल (टाइम लिमिट) बैठक में नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटर पर आधार पंजीयन एवं अपडेट कार्य के लिए आधार केंद्र संचालित किए जाएं, ताकि आमजन को आधार संबंधी सेवाएं अपने नजदीकी स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड आज शासकीय योजनाओं के लाभ से लेकर बैंकिंग और शैक्षणिक कार्यों तक एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में आधार पंजीयन या संशोधन के लिए नागरिकों को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सीएससी संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक उपकरण, तकनीकी व्यवस्थाएं एवं प्रशिक्षित ऑपरेटर उपलब्ध कराए जाएं। जहां अभी आधार सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर केंद्र प्रारंभ किए जाएं। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि सेवा गुणवत्ता पूर्ण हो और नागरिकों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त कोई राशि न ली जाए।

कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि नवजात बच्चों का समय पर आधार पंजीयन हो सके और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने आधार सेवा से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए।

बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, ई-गवर्नेंस से जुड़े अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a Comment

और नया पुराने