ग्यारसपुर: तहसील परिसर में आधार कार्ड सेंटर पर 'अंधेरगर्दी', छात्रा से जन्म तारीख सुधारने के लिऐ 600 रुपये
विदिशा/गंजबासौदा
ग्यारसपुर तहसील परिसर में स्थित आधार केंद्र पर हितग्राहियों से तय शुल्क से कई गुना अधिक राशि वसूलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार को ग्राम मानोरा की एक छात्रा ने आधार सेंटर संचालक पर जन्म तारीख में सुधार करने के नाम पर 700 रुपये की मांग करने का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को लिखित शिकायत सौंपी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मानोरा निवासी छात्रा आशा (पुत्री माखनलाल अहिरवार) सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी अंकसूची के आधार पर जन्म तारीख में संशोधन कराने तहसील परिसर स्थित आधार केंद्र पहुंची थी। छात्रा का आरोप है कि वहां मौजूद संचालक शुभम दुबे ने इस कार्य के लिए उससे 700 रुपये की मांग की, जबकि सरकारी नियमों के अनुसार यह शुल्क बहुत कम निर्धारित है।
पत्रकार परिजन ने पकड़ी धांधली, फोन-पे से किया भुगतान
छात्रा के साथ उसके अभिभावक (बड़े पापा) और वरिष्ठ पत्रकार महाराज सिंह सूर्यवंशी भी मौजूद थे। शिकायत में बताया गया है कि संचालक द्वारा मांगी गई राशि में से 600 रुपये का भुगतान मौके पर ही फोन-पे (PhonePe) के माध्यम से संचालक के निजी खाते में किया गया। यह भुगतान नियमों के विरुद्ध लिया गया, जिसका वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर बनाया गया है।
ग्रामीणों से मिल रही थीं लगातार शिकायतें
शिकायती आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त आधार केंद्र संचालक के खिलाफ पूर्व में भी ग्रामीणों द्वारा अधिक पैसे लेने की शिकायतें दबी जुबान में की जाती रही हैं, लेकिन ठोस सबूत न होने से कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। इस बार छात्रा और उसके पत्रकार अभिभावक ने डिजिटल पेमेंट के जरिए सबूत पेश कर प्रशासन के सामने मामला रखा है।
सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित छात्रा ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि आधार केंद्र संचालक शुभम दुबे के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य हितग्राही या गरीब ग्रामीण के साथ इस तरह की ठगी न हो सके। प्रशासन अब इस मामले में क्या कदम उठाता है, यह देखने वाली बात होगी

एक टिप्पणी भेजें