
स्थानीय राजनिवास में आयोजित बैठक में पीआईयू लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिये कि विभाग द्वारा कराये जा रहे कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करायें तथा जो कार्य किन्हीं कारणोंवश प्रारंभ नहीं हो सके हैं उनकी बाधाओं को दूर करते हुए शीघ्र कार्य शुरू करायें। उन्होंने सगरा स्कूल का निर्माण कार्य की गति अत्यंत धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त की। श्री शुक्ल ने भटलो में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अभी तक कार्य प्रारंभ न होने को गंभीरता से लिया तथा निर्देश दिये कि आज ही राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर पीआईयू के अधिकारियों को चयनित भूमि का अधिपत्य दिलायें। उन्होंने रीवा में बनाये जा रहे स्पोर्ट्स काम्पलेक्स तथा सैनिक स्कूल क्वार्टर्स के अद्यतन निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर इलैयाराजा टी तथा पीआईयू के कार्यपालन यंत्री श्री जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें