Top News

मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्रामीण स्व-सहायता समूहों को एक ही दिन में वितरित करेंगे 150 करोड़ रूपये वर्चुअल कार्यक्रम 23 नबम्बर को

उमरिया | 21-नवम्बर-2020


 

    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को राज्य शासन की गारंटी पर 23 नवम्बर को वर्चुअल कार्यक्रम में एक ही दिन में 150 करोड़ रूपये का बैंक ऋण वितरित करेंगे। श्री चौहान द्वारा इससे पहले भी 20 सितम्बर को वर्चुअल कार्यक्रम में 150 करोड़ रूपये का ऋण एक ही दिन में वितरित किया गया था।
   पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कोरोना काल में ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिये लॉकडाउन के समय से लगातार वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है । मुख्यमंत्री श्री चौहान इस आयोजन के दौरान कुछ जिलों के हितग्राहियों से सीधी चर्चा भी करेंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया एवं राज्य मंत्री श्री राम खिलावन पटेल भी कार्यक्रम से जुडे रहेंगे।
   उल्लेखनीय है कि म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत निर्धन परिवारों की महिला सदस्यों को स्व -सहायता समूहों से जोड़कर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण किया जा रहा है । आमतौर पर देखने में आता है कि ग्रामीण क्षेत्र में लोग बैंकिंग सेवाओं की प्रक्रियाओं में दस्तावेजीकरण व अन्य औपचारिकता की कठिन के कारण पात्र होने के बावजूद विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं । राज्य सरकार द्वारा इस प्रक्रिया को और सरल करने के उद्देश्य से बैंकों के साथ भी व्यापक स्तर पर समन्वय स्थापित कर स्व-सहायता समूहों के लिये बैंक ऋण आसानी से उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में 20 सितम्बर 2020 को भी 150 करोड रूपये बैंक ऋण के रूप में समूहों को मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा वितरित किया जा चुका है।
   समूहों के बैंक ऋण प्रकरण सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रस्तुत करने के साथ-साथ सघन निगरानी एवं पारदर्शी प्रक्रिया बनाई गई है। समूहों को वार्षिक बैंक ऋण वितरण का लक्ष्य बढ़ाकर 1400 करोड़ किया गया है। 23 नवम्बर को आयोजित वृहद ऋण वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान के कर कमलों से डिजीटल स्वरूप में एक ही दिन में लगभग 150 करोड़ रुपये का बैंक ऋण वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस राशि से हजारों समूहों से जुड़े लाखों ग्रामीण निर्धन परिवारों को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा लाभान्वित किया जायेगा। राशि मिलने से समूह सदस्य अपनी वर्तमान आजीविका को और सुदृढ़ करते हुए आय में वृद्धि करेंगे जिससे उनकी समृद्धि के द्वार खुलेंगे और उनका आर्थिक एवं सामाजिक स्तर पहले से बेहतर हो सकेगा।
   कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा कुछ जिलों के हितग्राहियों से वीडियो कॉन्फेन्स के माध्यम से संवाद भी किया जायेगा। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया एवं राज्य मंत्री श्री राम खिलावन पटेल भी कार्यक्रम से जुडे रहेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा इस तरह के समूह बैंक ऋण कैम्प आयोजित कर 10 लाख परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार का प्रयास किया जा रहा है।
   अब तक आजीविका मिशन के माध्यम से 33 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को 3 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से जोड़कर 1865 करोड़ रुपये बैंक ऋण के रूप में वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।




Post a Comment

और नया पुराने