
कलेक्ट्रेट कार्यालय के गोलमेज सभाकक्ष में अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति (अत्याचार-निवारण) अधिनियम अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की प्रथम त्रैमासिकी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जनपद मंडला अध्यक्ष पांचोबाई पदम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, थाना प्रभारी अजाक तथा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में अजा एवं अजजा बाहुल्य क्षेत्र में विधि व्यवस्था की स्थिति तथा सभी थानों में 29 दिसम्बर 2019 से 28 जून 2020 तक की स्थिति में दर्ज प्रकरणों के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में इस अवधि में दर्ज प्रकरणों की वर्तमान स्थिति तथा अब तक निराकृत किए गए प्रकरणों पर बात की गई। बैठक में अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत पीड़ित एवं साक्षियों को यात्रा भत्ता, मजदूरी एवं आहार व्यय के भुगतान के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। इसी प्रकार उक्त अवधि में अधिनियम के अंतर्गत रजिस्ट्रिकृत किए गए मामलों की आंकड़ेवार समीक्षा की गई। बैठक में विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किए गए मामले एवं अब तक पीड़ित पक्ष को दी गई सहायता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने थाना प्रभारी अजाक को अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत सभी प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित को दी जाने वाली सहायता के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक में अब तक न्यायालय में प्रस्तुत किए गए चालान के बाद लोक अभियोजक के कार्य की स्थिति तथा अन्वेषण के बाद की स्थिति पर भी चर्चा की गई। इसी प्रकार अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों के निराकरण, स्वीकृत की गई राहत् एवं वितरण के संबंध में भी मामलेवार चर्चा की गई।
एक टिप्पणी भेजें