Top News

जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह एवं शांति समिति की बैठक आयोजित

छतरपुर | 21-नवम्बर-2020
 



 

      छतरपुर जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए गठित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में आपदा प्रबंधन समूह के सदस्यों के साथ-साथ शांति समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।
   बैठक के दौरान विगत कुछ दिनों से देश एवं प्रदेश स्तर पर कोरोना संक्रमण के प्रकरणों में आई बढ़ोत्तरी को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम के लिए नई रणनीति तैयार करने हेतु चर्चा की गई। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने सभी उपस्थित सदस्य एवं जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सर्वसहमति से प्रस्ताव स्वीकृत किए।

विवाह समारोह में अधिकतम 250 व्यक्ति हो सकेंगे शामिल

   बैठक में सर्वसहमति से निर्णय लिया गया कि जिले में आयोजित होने वाले विवाह समारोह में अधिकतम 250 व्यक्ति आमंत्रित किए जा सकेंगे। जिले के सभी मैरिज गार्डन एवं होटल जहां विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे, इन सभी जगहों के संचालकों को क्षेत्र क्षमता की जानकारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को पहुंचानी होगी, जिसके उपरांत उक्त संचालकों को समारोह आयोजित करने की अनुमति क्षमता अनुरूप दी जाएगी ताकि समारोह के दौरान ज्यादा भीड़ एकत्रित न हो एवं सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन कराया जा सके। शादी समारोह में सड़कों पर बारात/प्रोसेशन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही उक्त समारोह आयोजित करने की अनुमति भी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी से लेना अनिवार्य रहेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उक्त नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित आयोजक एवं मैरिज गार्डन/होटल संचालक के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। सभी आयोजक तथा मैरिज गार्डन/होटल संचालक यह सुनिश्चित करेंगे कि समारोह के दौरान सभी व्यक्ति मास्क तथा सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। उक्त समारोह रात्रि 11 बजे तक ही आयोजित किए जा सकेंगे।
   बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि मास्क/फेसकव्हर का प्रयोग पूरे जिले में सख्ती से कराया जाएगा। नियमित चैकिंग के दौरान मास्क न लगाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा साथ ही उन्हें मौके पर मास्क देकर कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
   कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोरोना की रोकथाम एवं जनसमुदाय की स्वास्थ्य सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन अब सख्ती बरतेगा तथा किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दुकानदार एवं दुकानों पर उपस्थित कर्मचारियों को भी मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। साथ ही सभी दुकानदार यह प्रयास करेंगे कि दुकानों पर आने वाले ग्राहक भी मास्क का प्रयोग करें।
   कलेक्टर श्री सिंह ने सीएमओ छतरपुर को निर्देशित किया कि सड़क किनारों पर जो दुकानें लगाई जा रहीं हैं वे सब वहां से हटाकर पूर्व में निर्धारित किए गए खुले मैदानों में लगाई जाएं, ताकि एक जगह ज्यादा भीड़ एकत्रित न हो सके और कोरोना से बचाव भी किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए कचरा उठाने वाली गाड़ियां प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से पहुंचाई जाएं। जिले को स्वच्छ बनाए रखने का हरसंभव प्रयास किया जाए।
   कलेक्टर श्री सिंह ने 30 नवम्बर को आयोजित किए जाने वाले गुरूनानक जयंती पर्व के संबंध में निर्देश दिए कि संबंधित धर्मगुरू यह सुनिश्चित करें कि जयंती के दौरान शोभा यात्रा का आयोजन सोशल डिस्टेंसिंग एवं कोविड-19 से बचाव हेतु शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए किया जाए।

कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में सहभागिता है जरूरी

   बैठक में उपस्थित सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक ने उपस्थित सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे पूर्व की भांति जिले के लोगों को जागरूक कर कोरोना ट्रांसमिशन चैन को तोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कोरोना को रोकने के लिए समाज एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता भी अत्यंत जरूरी है। कोरोना के विरूद्ध लड़ाई, सहभागिता, सहयोग एवं संयम के माध्यम से ही जीती जा सकती है। सांसद श्री खटीक ने सभी सदस्यों एवं जिलेवासियों से राज्य सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना अत्यंत जरूरी है। शादी, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में जिला प्रशासन द्वारा तय की गई अधिकतम संख्या का पालन हम सभी को मिलकर करना होगा। उन्होंने कहा कि मोटर साइकिल पर दो से अधिक ज्यादा लोग न बैठें और इस पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं के साथ-साथ कोरोना से भी बचाव किया जा सके।
   पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि अभी तक सभी सदस्यों के सहयोग एवं सुझावों के वजह से ही छतरपुर जिले में कोरोना के प्रभाव को रोका जा सका है। इसलिए अब दोबारा समय है कि आप सभी के सहयोग के माध्यम से फिर से कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा अधिक सख्ती एवं कड़ाई से शासन के निर्देशों एवं आज की बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन कराया जाएगा।
   बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमर बहादुर सिंह, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
 



Post a Comment

और नया पुराने