| सीहोर | |
संभाग आयुक्त श्री कवीन्द्र कियावत की मंशानुरुप जिले में किसान खेत पाठाशाला का आयोजन प्रारंभ हो गया है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास उपसंचालक श्री एसएस राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की समस्त 497 ग्राम पंचायतों में किसान खेत पाठशाला का आयोजन 29 अक्टूबर से 9 नवंबर 2020 तक किया जाएगा। इसी तारतम्य में 29 अक्टूबर को किसान खेत पाठशाला का आयोजन शुरू हुआ जिसके अंतर्गत जिले में कुल 71 ग्राम पंचायतों में किसान खेत पाठशाला का आयोजन किया गया। जिसमें सीहोर विकासखंड की 21 ग्राम पंचायत, इछावर विकासखंड की 10 ग्राम पंचायत, नसरुल्लागंज विकासखंड की 11 ग्राम पंचायत, बुधनी विकासखंड की 10 ग्राम पंचायत तथा आष्टा विकासखंड की 19 ग्राम पंचायत शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान लगभग 2750 कृषक उपस्थित हुए। श्री राजपूत ने बताया कि किसान खेत पाठशाला में रबी फसल की उन्नत तकनीक, पोषण वाटिका, पशुपालन, नरवाई प्रबंधन प्रकोष्ठ पर कषकों से विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही बीजोपचार, फसल प्रदर्शन, पौधारोपण, पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं दुग्ध उत्पादन पर चर्चा कर कृषकों को जानकारी दी गई। किसान खेत पाठशाला में किसान कल्याण तथा कृषि विकास निगम, उद्यानिकी, पशुपालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि महाविद्यालय के मैदानी अमले के साथ-साथ अधिकारी उपस्थित थे। |
एक टिप्पणी भेजें