
दिलीप मौर्य ने जेईई परीक्षा में शामिल होने के लिये इंदौर स्थित परीक्षा केन्द्र का चयन किया था। लेकिन रीवा से इंदौर तक कोई ट्रेन न चलने के कारण दिलीप काफी चिंतित थे कि वे जेईई की परीक्षा में शामिल हो पायेंगे कि नहीं।
दिलीप को जानकारी हुई कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा छात्रों को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने के लिए नि:शुल्क परिवहन की सुविधा प्रारंभ की गई है। दिलीप ने इंदौर में स्थित परीक्षा केन्द्र पहुंचने के लिए नि:शुल्क परिवहन हेतु अपना पंजीयन कराया। जिला शिक्षा अधिकारी आरएन पटेल से संपर्क करने पर दिलीप को नि:शुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध करायी गई। दिलीप ने बताया कि उनके साथ ही तीन और छात्र इन्दौर में परीक्षा में शामिल होने के लिये नि:शुल्क बस से रवाना हुये हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा न केवल परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने के लिए बस सेवा उपलब्ध करायी गई है बल्कि परीक्षा देने के उपरांत उन्हें रीवा तक वापस भी लाया जायेगा। हम सब इस सुविधा के लिये मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी आरएन पटेल ने बताया कि छ: छात्रों को नि:शुल्क परिवहन सुविधा के लिये टिकट उपलब्ध कराया गया है। रीवा से भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर सहित अन्य शहरों में स्थित परीक्षा केन्द्रों में शामिल होने के लिये छात्रों को वाहनों के टिकट दिये गये हैं।
एक टिप्पणी भेजें