
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत बनाए जा रहे आवास एवं मनरेगा के तहत संचालित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण रूप से पूरा कराएं। अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें। सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ,परियोजना अधिकारी ,सब इंजीनियर एवं एपीओ नियमित मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें। अधिक से मानव दिवस सृजित करें एवं लेबर बजट बढ़ाएं। लापरवाही की दशा में सम्बंधित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।यह निर्देश कलेक्टर श्री धनंजय सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास अंतर्गत संचालित योजना एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए।
कलेक्टर ने गुरुवार 5 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, गौशाला निर्माण आदि कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय श्रीवास्तव सहित समस्त जनपद सीईओ परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री सिंह ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं से हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित करने करने के निर्देश दिए।
गौशालाओं का सुव्यवस्थित संचालन करें
कलेक्टर श्री सिंह ने समस्त जनपद सीईओ को अपने अपने क्षेत्र में निर्मित गौशालाओं का सुव्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में निराश्रित गोवंश को रखा जाए एवं उनका बेहतर तरह से भरण पोषण किया जाए। उन्होंने गौशालाओं के माध्यम से रोजगार सृजन हेतु विभिन्न गतिविधियों के संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आदर्श के रूप में तैयार करें। उन्होंने अपूर्ण गौशालाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने एवं परिसर का व्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराएं
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ , परियोजना अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की प्रतिदिन समीक्षा करने एवं उनका संतुष्टि पूर्ण निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास अंतर्गत संचालित योजनाओं का बेहतर तरह से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एक टिप्पणी भेजें