| हरदा | |
कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने आज जिले के बाढ़ आपदा से प्रभावित गांव उढ़ाल पहुंचकर प्रभावितों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान प्रदान किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को खाद्य सामग्री, कपड़े, जूते, बर्तन एवं अन्य उपयोगी वस्तुए वितरित की। ग्राम के कुल 40 परिवार को राहत सामग्री वितरित की गई। उढ़ाल गांव पूरी तरह बाढ़ में डूब गया था, यहां फंसे लोगों को रेस्क्यू कर राहत शिविरों में ले जाया गया था। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि उढ़ाल में बाढ़ के कारण काफी तबाही हुई है। उनके जीवन को पुनः पटरी पर लाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्हें सुरक्षित रूप से बसाना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान दिलाने का भरोसा दिलाया ताकि लोगों को हमेशा के लिये बाढ़ की विभिषिका से राहत मिल सके। उन्होने कहा कि जब परिवार के उपर संकट आता है तो परिवार के हर सदस्य का यह कर्तव्य होता है कि जो अपने परिवार का सबसे निर्धन एवं असाधारण सदस्य है उसकी सेवा करें। कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि आपदा ग्रस्त घोषित हरदा जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों को 50 किलो गेहूं, 5 लीटर केरोसीन दिया जा रहा है। शीघ्र ही इन सभी परिवारों के खाते में 5 हजार रू की राशि सीधे ट्रांसफ़र की जाएगी। गेंहूं, केरोसीन और पांच हजार की तात्कालिक सहायता के अलावा सर्वे कर पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा। जिससे वह अपना जीवन फिर शुरू कर सकें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का वीडियोग्राफी के साथ सर्वेक्षण किया जाएगा इसके आधार पर क्षतिग्रस्त हुए मकानों की मरम्मत के लिए मुआवजा स्वीकृत किया जाएगा। श्री पटेल जिले के बाढ़ प्रभावित ग्राम हंडिया पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। हंडिया गांव पानी में डूब गया था, गांव में ज्यादातर मकान कच्चे हैं जो बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गये हैं। कमल पटेल ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार एक परिवार की तरह साथ है। हंडिया बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुँचकर प्रत्येक परिवार को तत्काल राहत के लिए 50 किलो गेहूँ, 5 लीटर कैरोसीन 300 से अधिक परिवारों को वितरित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जे.पी. सैयाम, उपसंचालक कृषि श्री एम.पी.एस. चन्द्रावत सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधी एवं आमजन उपस्थित रहे। |
एक टिप्पणी भेजें