विदिशा, दिनांक 23 फरवरी 2026
जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई है। इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ अमले के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं होना चिंता का विषय है। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों ने बीएमओ को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैदानी स्तर पर कार्यरत एएनएम, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों को सक्रिय करते हुए घर-घर संपर्क कर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। साथ ही जिन क्षेत्रों में प्रगति कम है, वहां विशेष शिविर आयोजित कर कार्य में तेजी लाई जाए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा सकती है।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शासन के निर्देशानुसार अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

एक टिप्पणी भेजें